February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पहाड़ी से मकान पर बोल्डर गिरने से मासूम की मौत, दो घायल

पिथौरागढ़(उद संवाददाता)।बरसात के मौसम में उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आए दिन आपदाएं लोगों की जान ले रही हैं। सीमांत जिले पिथौरागढ़ के देवतपुरचौड़ा गांव में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। पहाड़ी से लुढ़ककर आया एक विशाल बोल्डर एक मकान पर जा गिरा। इस हादसे में 11 वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सोमवार रात लगभग एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ तहसील के समीपवर्ती गांव देवतपुरचौड़ा में रघुवीर प्रसाद और नरेश कुमार पुत्र स्व- शिवराम के मकान पर अचानक पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर आ गिरा। बोल्डर मकान की दीवारें तोड़ते हुए अंदर घुस गया और वहां सो रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 11 वर्षीय पूज्य कुमार उर्फ प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घर में मौजूद रघुवीर प्रसाद और नरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मृतक बालक पूज्य कुमार अपने परिवार के साथ दिल्ली से रिश्तेदारी में गांव आया हुआ था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर जिला प्रशासन, पुलिस व एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रखा। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया जा रहा है। मृतक बालक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि देवतपुरचौड़ा गांव के घर पहाड़ी के ठीक नीचे बसे होने के कारण हमेशा खतरे की जद में रहते हैं। इससे पहले भी कई बार यहां पहाड़ से गिरे बोल्डरों ने नुकसान पहुंचाया है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि सोमवार देर रात हुई घटना में एक 11 वर्षीय बच्चे की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। जानकारी मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न इलाकों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इससे अब तक दो दर्जन से अधिक मकान खतरे की जद में आ गए हैं। इनमें रह रहे परिवारों को प्रशासन द्वारा अन्यत्र शिफ्ट किया गया है। वहीं डेढ़ दर्जन से अधिक मोटर मार्ग बारिश और भूस्खलन के कारण बंद पड़े हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *