भराड़ीसैंण में सीएम धामी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और सफ़ाई कर्मियों से की बात
चमोली(उद संवाददाता)।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने चिर-परिचित अंदाज में सोमवार सुबह भराड़ीसैंण में मॉर्निंग वॉक पर निकले। इस दौरान उन्होंने न केवल विधानसभा परिसर का भ्रमण किया बल्कि ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और सफाई कर्मचारियों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सीएम धामी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं और सुविधाओं पर फीडबैक भी लिया। उन्होंने देवभूमि आने वाले पर्यटकों से अपील की कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आ“वान को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्र व्यय का कम से कम 5 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय उत्पादों की खरीद में अवश्य लगाएं। विधानसभा परिसर में सफाई व्यवस्था का भी सीएम धामी ने जायजा लिया। यहां कार्यरत सफाई कर्मियों से उन्होंने उनके खाने-पीने और रहने की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सफाई कर्मियों ने सरकार की ओर से मिल रही सुविधाओं के प्रति मुख्यमंत्री का आभार जताया। सीएम धामी ने कहा कि ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने वाली बहनों का समर्पण और स्वच्छता में जुटे सफाई कर्मियों की लगन ‘विकसित उत्तराखंड’ की दिशा में सामूहिक प्रयास का प्रतीक है। बताते चलें कि मुख्यमंत्री धामी का यह अंदाज लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो रहा है। चाहे अल्मोड़ा हो, गैरसैंण, खटीमा या चंपावत, जहां भी उनका प्रवास रहता है, वे सुबह की सैर के दौरान आमजन से मिलने-जुलने और उनकी समस्याएं सुनने से कभी नहीं चूकते। लोग भी बिना हिचक अपने सुझाव और समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखते हैं।
