पोल्ट्री फार्म में हजारों मुर्गियों की मौत से हड़कंप,चिकन बिक्री पर रोक
बर्ड फ्लू की पुष्टि पर प्रशासन अलर्ट,एक किमी क्षेत्र संक्रमित घोषित
किच्छा(उद संवाददाता)।किशनपुर क्षेत्र स्थित एक पोल्ट्री फार्म में हजारों मुर्गियों की अचानक मौत से नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रें में हड़कम्प मच गया। जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक किमी क्षेत्र को संक्रमित तथा 10 किमी परिधि क्षेत्र को सतर्क घोषित कर दिया है। नगर और आस पास के सभी मीट विक्रेताओं को अग्रिम आदेश तक दुकानें बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चिकन की बिक्री और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। सूचना मिलते ही बुधवार को एसडीएम गौरव पांडे, तहसीलदार गिरीश चंद त्रिपाठी, ईओ गुरमीत सिंह तथा पशु चिकित्सक डॉ- मृगेश चौधरी ने संबंधित पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण किया। एसडीएम पांडे ने बताया कि आईवीआरआई बरेली से प्राप्त रिपोर्ट में बर्ड फ्लू पॉजिटिव पाया गया है। इसके बाद एहतियात के तौर पर फार्म में मौजूद सभी मुर्गियों को गहरे गîक्कों में दबा दिया गया। उन्होंने कहा कि नगर और आसपास के इलाकों में चिकन बिक्री पर रोक लगाते हुए हाईवे पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। किसी भी व्यक्ति को मुर्गियों के परिवहन की अनुमति नहीं दी गई है। यदि किसी के पास अवैध रूप से मुर्गियां पाई जाती हैं तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम गौरव पांडे ने जनता से अपील की कि फिलहाल वे पोल्ट्री उत्पादों का सेवन न करें। ग्रामीण क्षेत्रें में शौकिया तौर पर मुर्गियां पालने वाले लोग भी सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर पशु चिकित्सकों से तुरंत संपर्क करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यह कदम जनहित और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाए गए हैं। नगर एवं आसपास के सभी मीट विक्रेताओं की दुकानें बंद रहेंगी और जब तक हालात सामान्य नहीं होते, तब तक प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।
