February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दुग्ध वाहन और ट्रक की भिड़ंत में एक की मौत,दो गंभीर

हल्द्वानी/लालकुआं(उद संवाददाता)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। शनिवार देर रात लालकुआं कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुक्तिधाम पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के पास बड़ा हादसा हुआ। यहां एक दुग्ध वाहन 18 टायरा ट्रक से टकरा गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूध वाहन चालक एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में आगे चल रहे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दूध वाहन के पर खच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोग फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने रेस्क्यू कर बमुश्किल घायलों को निकाला, लेकिन एक युवक करीब आधे घंटे तक वाहन में फंसा रहा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को निकालने के लिए पुलिस ने गैस कटर की मदद से वाहन को काटा। हादसे के बाद बरेली रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मशक्कत के बाद आधे घंटे में जाम खुलवाया। लालकुआं-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले एक महीने में यह चौथा बड़ा हादसा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई वहां सड़क टू-लेन है और दोनों ओर घना जंगल है। अंधेरा होने के कारण वहां न तो पर्याप्त लाइटिंग है और न ही सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, जिसके चलते हादसे लगातार हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *