February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अपहरण कांड में पुलिस हरकत में आई,भाजपा जिलाध्यक्ष समेत 11 पर केस

नैनीताल। शहर में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष मतदान के दिन पांच सदस्यों के अपहरण का मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद पुलिस भी हरकत में आई है। थाना एसआई की तहरीर पर कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के बाद अब पुलिस ने 11 नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। अध्यक्ष प्रत्याशी पुष्पा नेगी, सदस्य जीशान्त कुमार व दो सदस्यों के स्वजनों की तहरीर पर चार अलग अलग मुकदमे दर्ज किए गए है। जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा प्रत्याशी के पति आनंद दर्मवाल समेत 11 नामजद व 15 से 20 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। बता दें कि शहर में बीते गुरुवार को हुए जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष चुनाव के दिन भारी हंगामा हुआ था। मतदान स्थल से कुछ मीटर की दूरी पर कुछ लोगों द्वारा पुलिस की मौजूदगी में पांच सदस्य डिकर सिंह मेवाड़ी, प्रमोद सिंह, तरुण कुमार शर्मा, दीप सिंह बिष्ट, विपिन सिंह को अगवा कर लिया गया था। जिसमें कांग्रेसियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर सरेआम गुंडागर्दी और उनके सदस्यों का अपहरण करने के आरोप लगाए थे। कुछ घंटे हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद चुनाव बहिष्कार का एलान करते हुए कांग्रेसी हाईकोर्ट पहुँच गए। हाईकोर्ट में सुनवाई के बाद देर शाम तल्लीताल पुलिस ने एसआई सतीश उपाध्याय की तहरीर पर कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। देर रात अध्यक्ष प्रत्याशी पुष्पा नेगी, सदस्य जीशान्त कुमार, सदस्य प्रमोद कोटलिया के भाई विनोद कोटलिया, डिकर मेवाड़ी के साले आशीष गौनिया की ओर से तल्लीताल थाने में तहरीर देकर भाजपा के नामी कार्यकर्ताओं और 15 से 20 अज्ञात लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाए थे। एसओ रमेश सिंह बोरा ने बताया कि आरोपों के आधार पर आनंद दर्मवाल, शंकर कोरंगा, प्रताप बिष्ट, चतुर बोरा, प्रमोद बोरा, प्रखर साह, बीबी भाकुनी, विशाल नेगी, पंकज नेगी, शुभम दर्मवाल, कोमल दर्मवाल समेत 10 से 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 191(2), 140(3),115(2), 352, 351(3), 74, 62 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *