केंद्र सरकार ने उत्तराखंड की दो महत्वपूर्ण विद्युत परियोजनाओं को मंजूरी,547.83 करोड़ रुपये स्वीकृत
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पूर्व अनुरोध पर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड की दो महत्वपूर्ण विद्युत परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। ऋषिकेश में अंडरग्राउंड केबलिंग और देहरादून में एससीएडीए कार्यों के लिए कुल 547.83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर मुख्यमंत्री धामी ने देवभूमि की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना राज्य की विद्युत अवसंरचना को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। सीएम ने बताया कि अंडरग्राउंड केबलिंग से न केवल बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर होगी, बल्कि आपदा और मौसम जनित अवरोधों से भी बेहतर सुरक्षा मिलेगी। साथ ही, रखरखाव की लागत में कमी आएगी और शहर का सौंदर्य भी निखरेगा। उन्होंने कहा हमारी डबल इंजन सरकार देवभूमि उत्तराखंड के सर्वांगीण और सर्वस्पर्शी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यह स्वीकृति उसी संकल्प का प्रमाण है, जिसमें केंद्र और राज्य प्रदेश को ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
