Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दूसरे चरण में 40 विकासखंडों में शांतिपूर्ण वोटिंग : कई जगह बारिश के बीच हुआ मतदान

दूसरे चरण में 21 लाख से अधिक मतदाता,14,751 प्रत्याशी मैदान में, मतदान को लेकर भारी उत्साह

देहरादून/रूद्रपुर/हल्द्वानी(उद संवाददाता)। उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए सोमवार को 40 विकासखंडों में मतदान हुआ। सुबह आठ बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम पांच बजे तक चलेगी। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं । प्रदेश में कई जगह बारिश के बीच मतदान हुआ। इस चरण में कुल 14,751 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत आज मतपेटियों में बंद होगी। चुनाव आयोग के अनुसार, दूसरे चरण में ग्राम पंचायत सदस्य के 933 पदों के लिए 1,998 प्रत्याशी, ग्राम प्रधान के 2,726 पदों पर 7,833 प्रत्याशी, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1,225 पदों पर 4,214 प्रत्याशी और जिला पंचायत सदस्य के 14 पदों पर 716 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चरण में कुल 21 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दूसरे चरण के मतदान में शामिल विकासखंडों में सल्ट, स्याल्दे, भिकियासैंण, हवालबाग, द्वाराहाट, रुद्रपुर, काशीपुर, जसपुर, चंपावत, बाराकोट, विण, मूनाकोट, बेरीनाग, गंगोलीहाट, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल, कोटाबाग, डुंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी, पोखरी, दशोली, नंदानगर, कर्णप्रयाग, गैरसैंण, कीर्तिनगर, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर, चंबा, डोईवाला, रायपुर, सहसपुर, यमकेश्वर, जयहरीखाल, दुगîóा, द्वारीखाल, पौड़ी, कोट और कल्जीखाल प्रमुख हैं। शनिवार शाम प्रचार अभियान थमने के बाद रविवार को मतदाताओं ने चुनावी चर्चा की और अब मतदान के दिन अपने अपने बूथों पर पहुंच कर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभा रहे हैं। गौरतलब है कि पंचायत चुनाव के पहले चरण में 49 विकासखंडों में करीब 68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब सभी की निगाहें दूसरे चरण के मतदान प्रतिशत पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *