Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मनसा देवी मंदिर मार्ग पर करेंट की अफवाह फैलने से मची भगदड़: छह श्रद्धालुओं की मौत, 35 घायल

भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया,घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया 
हरिद्वार (उद संवाददाता)।े धर्मनगरी के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ मचने से छह लोगों की मौत की हो गयी। जबकि करीब 35 लोग घायल बताये जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को तुरंत अस्पतालों में पहुंचाने में लग गई। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ बजे के आसपास मंदिर की चढ़ाई कर रहे श्रद्धालुओं के बीच किसी ने करंट फैलने की अफवाह फैला दी, जिससे श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे पर गिर गए। चीख-पुकार के बीच कई श्रद्धालु दब गए। शनिवार और रविवार वीकेंड होने के कारण मंदिर में अन्य राज्यों से भी आए भक्तों की भारी भीड़ जुटी हुई थी वहीं दूसरी तरफ कांवड़ मेला खत्म होने के बाद भी कई संख्या कांवड़िए मंदिर में देवी के दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे। बताया जा रहा है कि मंदिर के मुख्य सीढ़ी पैदल मार्ग पर ज्यादा भीड़ बढ़ने से भक्तों के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हादसे के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है।गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया कि मनसा देवी मंदिर में भारी भीड़ जमा होने के बाद भगदड़ मच गई। भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल भी हुए हैं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हादसे में घायल हुए कुल 35 श्रद्धालुओं को जिला अस्पताल में लाया गया है। जिनमें से गंभीर अवस्था वाले मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। भगदड़ की घटना में घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार देने और उन्हें अस्पताल तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 108 सेवा की सात एंबुलेंस और ‘खुशियों की सवारी’ की दो एंबुलेंस मौके पर तैनात की गईं। इन एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से कई घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि इस दुर्घटना में 05 गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। इसके अतिरिक्त 23 अन्य घायल श्रद्धालुओं का उपचार जिला चिकित्सालय हरिद्वार में चल रहा है, जहां सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है । हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। सीएम धामी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं। वहीं मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने लिखा कि उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई भगदड़ में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं। अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *