Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पदक विजेता मुकेश पाल को मुख्यमंत्री ने दी बधाई

देहरादून(उद संवाददाता)। अमेरिका के बर्मिंघम (अलाबामा) में 27 जून से 07 जुलाई तक आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले सीआईडी, हल्द्वानी में तैनात उपनिरीक्षक मुकेश पाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। उपनिरीक्षक मुकेश पाल ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए एक रजत (सिल्वर) और एक कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक जीतकर देश को गौरवांवित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें हार्दिक बधाई दी और कहा कि उत्तराखण्ड के युवाओं की प्रतिभा अब वैश्विक मंचों पर अपना परचम लहरा रही है। मुख्यमंत्री ने मुकेश पाल की मेहनत, लगन एवं दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि इस उपलब्धि से उत्तराखण्ड पुलिस विभाग का मान भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। श्री धामी ने श्री पाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि उत्तराखण्ड पुलिस के जवान अपनी डड्ढूटी के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *