नेतृत्व परिवर्तन की ‘हवा बनाने’ वालों की ‘निकली हवा’ : उत्तराखण्ड के उत्पाद कनार ( धारचूला) का घी , लाल (पुरोला) चावल, बासमती चावल, काला जीरा, गंध रैण, जम्बू और स्थानीय शहद इत्यादि भेंट किये
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पसंद न करने वाले एक खास राजनीतिक धड़े द्वारा पिछले कुछ दिनों से यह हवा बनाने की लगातार कोशिश की जा रही थी, कि नई दिल्ली और देहरादून के बीच में सब कुछ ठीक-ठाक नहीं है, लिहाजा निकट भविष्य में उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन के आसार बन सकते हैं। सियासी गलियारे में पसरी चर्चाओं की माने, तो धामी विरोधी लॉबी काफी दिनों से दिल्ली में गोटी फिट करने में लगी थी और अपना रास्ता आसान करने के लिए पर्दे के पीछे रहकर उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन की संभावना से संबंधित खबरें भी मीडिया में लगातार चलवा रही थी, मगर बीते रोज नई दिल्ली में पीएम मोदी से हुई मुख्यमंत्री की मुलाकात के बाद ,उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन की आधारहीन हवा बनाने वालों की हवा अब निकल गई है। बताना होगा कि सीएम धामी की पीएम से मुलाकात बेहद खुशनुमा वातावरण में हुई और सीएम धामी ने पीएम से अपनी नजदीकी का लाभ उठाते हुए उत्तराखंड के लिए कुछ परियोजनाएं भी मंजूर करा ली। खास बात तो यह है कि नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम को उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और प्राकृतिक विरासत से जुड़ी कुछ ऐसी बहुमूल्य वस्तुएं भेंट कीं, जो राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था से गहराई से जुड़ी हैं । सूत्रें के अनुसार मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने पीएम मोदी से उत्तराखण्ड के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास में सहयोग के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। सीएम धामी ने कहा पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकसित भारत 2047 के विजन में अपनी प्रभावी भूमिका निभाने को तत्पर है।सीएम धामी ने आगे कहा कि विश्व के 27 देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश का सर्वाेच्च नागरिक सम्मान दिया है। इससे सभी भारतवासी गौरवान्वित हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को कार्तिक स्वामी मंदिर के प्रतिरूप और आदि कैलाश यात्रा पर कॉफीटेबिल बुक के साथ ही उत्तराखण्ड के उत्पाद कनार ( धारचूला) का घी , लाल (पुरोला) चावल, बासमती चावल, काला जीरा, गंध रैण, जम्बू और स्थानीय शहद इत्यादि भेंट किये।मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री से केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम की भांति ही हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और चम्पावत में शारदा कॉरिडोर के मास्टर प्लान के अनुरूप अवस्थापना विकास के लिए ,सीएसआर के माध्यम से वित्त पोषण के लिए संबंधित मंत्रलय को निर्देशित करने का अनुरोध भी किया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर स्थित नेपा फार्म को सेमी कन्डक्टर हब के रूप में विकसित करने लिए सेमी कन्डक्टर उद्योग लगाए जाने, दिल्ली व मेरठ के मध्य रीजनल रैपिड ट्रान्जिट सिस्टम को हरिद्वार तक विस्तारित करने और टनकपुर-बागेश्वर व ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल परियोजनाओं में मार्ग निर्माण का प्रावधान भी शामिल किये जाने के लिए संबंधित मंत्रलयों को निर्देशित किये जाने का भी पीएम मोदी से आग्रह किया।साथ ही सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को उत्तराखण्ड में वर्ष 2026 में होने जा रही नंदा राजजात यात्रा की जानकारी देते हुए अगस्त 2026 में आयोजित होने वाली इस पर्वतीय महाकुंभ नंदा राजजात यात्रा के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित भी किया तथा यात्रा में अवस्थापना सुविधाएं सुनिश्चित किए जाने के लिए 400 करोड़ की धनराशि केंद्र से उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध भी किया।
