Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

विधायक पांडे का जिम में जोश सोशल मीडिया पर मचा रहा धमाल ,लोगों ने की जमकर तारीफ

गदरपुर विधायक अरविंद पांडे का जिम में व्यायाम करता वीडियो हुआ वायरल, लाखों लोगों ने देखा
गदरपुर ।गदरपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अरविंद पांडे का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त सुर्खियों में है। इस वीडियो में वे जिम में वर्कआउट करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर हर कोई उनकी ऊर्जा और फिटनेस का कायल हो गया है। खास बात यह है कि इस वीडियो को खुद विधायक पांडे ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के अवसर पर अपनी फेसबुक आईडी पर पोस्ट किया था। इसके माध्यम से उन्होंने नियमित योग और व्यायाम के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया है। वीडियो में श्री पांडे जिम में एब्स, चेस्ट, बैक, बाइसेप्स और पुशअप्स करते दिखाई दे रहे हैं। उनकी उम्र को देखते हुए उनका यह जज्बा और आत्मअनुशासन लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। यही वजह है कि यह वीडियो अब तक करीब दो लाख बार देखा जा चुका है, जबकि सैकड़ों लोगों ने कमेंट कर उनकी जमकर तारीफ की है। कई यूजर्स ने लिखा है कि अरविंद पांडे जैसे जनप्रतिनिधि देश को स्वस्थ और ऊर्जावान बनाने में योगदान दे सकते हैं। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि राजनीति के साथ-साथ अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना आज के नेताओं के लिए एक मिसाल है। अरविंद पांडे उत्तराखंड की राजनीति में एक मजबूत और लोकप्रिय चेहरा माने जाते हैं। वे वर्ष 2002 और 2007 में बाजपुर विधानसभा से विधायक चुने गए थे। इसके बाद 2012 से लेकर अब तक वे गदरपुर विधानसभा से लगातार निर्वाचित होते आ रहे हैं। वर्ष 2017 से 2022 तक उन्होंने उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी सेवाएं दीं। शिक्षा, खेल और युवा मामलों के मंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा। श्री पांडे का झुकाव बाल्यकाल से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा की ओर रहा है। वे लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। अनुशासन, राष्ट्र सेवा और संगठन की भावना उनके राजनीतिक जीवन की पहचान रही है।

फिटनेस के प्रति सजगता बनी मिसाल
गदरपुर। राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच भी श्री पांडे नियमित योग और व्यायाम के लिए समय निकालते हैं। यही कारण है कि आज भी वे शारीरिक रूप से बेहद सक्रिय नजर आते हैं। उनका मानना है कि ष्एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ विचार और सकारात्मक ऊर्जा पनपती है। यदि हम अपने शरीर को समय नहीं देंगे, तो समाज की सेवा भी प्रभावी ढंग से नहीं कर पाएंगे।

सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता
गदरपुर। विधायक अरविंद पांडे के इस वायरल वीडियो से एक बार फिर यह साबित हो गया है कि आज का जनप्रतिनिधि केवल मंच पर भाषण देने वाला नेता नहीं, बल्कि भूमिका में उतरकर उदाहरण प्रस्तुत करने वाला मार्गदर्शक होना चाहिए। उनके इस कदम ने आम जनता को न केवल प्रेरित किया है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति सोचने पर भी मजबूर किया है।


वायरल वीडियो केवल क्लिप नहीं, बल्कि एक प्रेरणादायक संदेश

गदरपुर। विधायक अरविंद पांडे का यह वायरल वीडियो केवल एक फिटनेस क्लिप नहीं, बल्कि एक प्रेरणादायक संदेश है कि उम्र कोई बाधा नहीं होती अगर मन में आत्मानुशासन और सेवा का संकल्प हो। राजनीति में ऐसे जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति लोकतंत्र को और भी सशक्त बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *