दो ट्रकों की भिड़ंत में एक चालक की मौत, दूसरा गंभीर
श्रीनगर। पहाड़ी क्षेत्रें में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला मंगलवार सुबह ऋषिकेश -बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का है, जहां देवप्रयाग के समीप मूल्यगांव में दो ट्रकों की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर दोनों ट्रकों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, वहीं घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग से श्रीनगर की ओर जा रहा एक खाली ट्रक जैसे ही मूल्यगांव स्थित पतंजलि आश्रम के समीप पहुंचा, तभी श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर आ रहे एक अन्य ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक ताजबर सिंह निवासी श्रीनगर, गढ़वाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा चालक महावीर महर पुत्र सुर्जन सिंह, निवासी ग्राम ज्ञानासु, टिहरी गढ़वाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष लखपत सिंह बुटोला ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई और स्थिति को नियंत्रित किया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर बहाल किया गया।उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ओवरस्पीड और मोड़ पर लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का कारण माना जा रहा है।
