दो बाईकों की भिड़न्त में सिडकुलकर्मी की मौत
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। आज प्रातः किच्छा मार्ग पर ग्राम मलसा गिरधर के पास दो मोटरसाईकिलों के मध्य आमने सामने हुई भिड़न्त में बाईक सवार सिड़कुलकर्मी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिडकुल कर्मी को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दूसरी बाईक पर सवार दो युवकों को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में ले लिया है। साथ ही दोनों मोटरसाईकिलों को कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार ग्राम आदलपुर थाना बहेड़ी बरेली निवासी लगभग 45 वर्षीय चन्द्रपाल पुत्र राम भरोसेलाल रोज की तरह आज प्रातः घर से अपनी मोटरसाईकिल संख्या यूके 06 बीजे 4124 पर सवार होकर सिडकुल पंतनगर में कम्पनी में काम करने के लिए रवाना हुआ। जब वह किच्छा मार्ग पर ग्राम मलसा गिरधर में तुलसी द्वार के पास पहुंचा तो सामने की ओर से तेज गति से आ रही मोटरसाईकिल संख्या यूपी 25 ईजे 0954 के चालक ने उसकी मोटर साईकिल को टक्कर मार दी। जिससे चन्द्रपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि दूसरी मोटरसाईकिल पर सवार दो युवको को भी मामूली चोटें आ गईं। घटना की जानकारी मिलते ही बगवाड़ा चौकी पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और उन्होंने गंभीर रूप से घायल चन्द्रपाल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर मृतक चन्द्रपाल के परिजन भी आ गये और उनमें कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों मोटरसाईकिलों को अपने कब्जे में लेकर दूसरी बाईक पर सवार दोनों युवको को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लिया है। पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए िर्भजवाया। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
बाईकों की भिड़ंत चार घायल
किच्छा। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शुगर फैक्ट्री के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में चार युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को शुगर फैक्ट्री के पास तेज रफ्तार में आ रही दो मोटर साइकिलें आमने- सामने से टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और चारों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल किच्छा पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंचे कांस्टेबल बृजमोहन ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायलों की पहचान दीप चौहान पुत्र राजेश चौहान निवासी गोविंद विहार किच्छा, सचिन पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी गोविंद विहार किच्छा, इरफान पुत्र रशीद और हनुमान पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी गोकुल नगर के रूप में हुई है। इनमें दीप चौहान की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य तीन घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
