ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई : नेपाल सीमा से 10 करोड़ से अधिक की एमडीएमए ड्रग्स बरामद, महिला गिरफ्तार
चंपावत। आईजी कुमायूं परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के कुशल निर्देशन में चंपावत और पिथौरागढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शनिवार को नेपाल सीमा से सटे शारदा नहर क्षेत्र ;गढ़ीगोठ पुल, पम्पापुरद्ध में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से 5 किलो 688 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद की। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 10 करोड़ 23 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है। ‘एमडीएमए को एक्स्टसी या मौली के नाम से भी जाना जाता है, जो पश्चिमी देशों और भारत के मेट्रो शहरों में क्लब पार्टी कल्चर के चलते लोकप्रिय हो रहा है। पुलिस उपाधीक्षक टनकपुर सुश्री वंदना वर्मा के पर्यवेक्षण में एसओजी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवाण, एसओ सुरेंद्र सिंह कोरंगा और 14 सदस्यीय पुलिस टीम ने प्रातः करीब 5ः45 बजे चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक महिला संदिग्ध अवस्था में काले बैग के साथ नहर की ओर भागती दिखी, जिसे रोककर पूछताछ की गई। महिला की पहचान ईशा पत्नी राहुल कुमार, निवासी ग्राम पम्पापुर, थाना बनबसा, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई। उसके बैग की तलाशी लेने पर दो अलग-अलग पुलिंदों में कुल 5.688 किलो एमडीएमए ड्रग्स बरामद की गई। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि महिला इसे नहर में फेंकने जा रही थी। पूछताछ में महिला ने बताया कि यह ड्रग्स उसके पति राहुल कुमार और उनके साथी कुनाल कोहली निवासी टनकपुर द्वारा 27 जून को पिथौरागढ़ से लाकर दिए गए थे। दोनों आरोपी वर्तमान में ठाणे, महाराष्ट्र में पंजीकृत एक एनडीपीएस केस में वांछित चल रहे हैं और पुलिस की सक्रियता को देखते हुए उन्होंने महिला के माध्यम से ड्रग्स को नष्ट कराने की योजना बनाई थी। महिला के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22 के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। यह कार्रवाई हाल ही में महाराष्ट्र पुलिस द्वारा पिथौरागढ़ में की गई एनडीपीएस कार्रवाई के बाद की गई निगरानी के क्रम में की गई है। आईजी कुमायूं के निर्देश पर नेपाल सीमा और उससे सटे क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी, जिसके तहत दोनों जिलों की संयुक्त पुलिस टीम लंबे समय से सूचना संकलन, सर्विलांस और गुप्त निगरानी में जुटी थी। इस सफलता पर आईजी श्रीमती रि(म अग्रवाल ने टीम को 20,000 का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित करने का ऐलान किया है। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पिथौरागढ़ से जुड़े ड्रग फैक्ट्री नेटवर्क को उजागर करने में मील का पत्थर साबित होगी। चंपावत पुलिस इससे पूर्व वर्ष 2024 में 82 तस्करों को गिरफ्तार कर 56 मुकदमे दर्ज कर चुकी है और करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। वर्तमान में आरोपी महिला के पति राहुल कुमार और कुनाल कोहली की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साथ ही, बरामद ड्रग्स के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, विशेषकर नेपाल और नाइजीरियाई तस्कर गिरोह से संबंधों की गहन जांच की जा रही है।
