भूमियाधार क्षेत्र में प्रशासन ने विरोध के बीच 25 दुकानें हटाई
नैनीताल(उद संवाददाता)। नैनीताल जनपद के भूमियाधार क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे बनी 25 दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों, विशेष रूप से महिलाओं ने तीव्र विरोध किया और इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए प्रदर्शन किया। प्रशासन की इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम नवाजिश खालिक ने किया। उन्होंने बताया कि ये सभी दुकानें मुख्य सड़क के किनारे अवैध रूप से बनाई गई थीं, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। उन्होंने कहा इन दुकानदारों को पहले कई बार नोटिस और चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन फिर भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया। अब सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार की दिशा में यह कार्रवाई आवश्यक हो गई थी। यह सरकारी भूमि है, जिस पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। जैसे ही प्रशासन ने दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की, महिलाओं समेत स्थानीय लोग विरोध में उतर आए। उन्होंने नारेबाजी की और कार्रवाई को रोजगार छीनने जैसा बताया। महिलाओं का कहना था कि वर्षों पहले ग्राम पंचायत ने उन्हें इन स्थानों पर दुकानें लगाने की अनुमति दी थी। इसे ‘व्यू पॉइंट’ के रूप में विकसित कर स्वरोजगार का साधन बताया गया था। तभी से वह इन दुकानों से अपने परिवार का भरण- पोषण कर रहे थे। अब अचानक प्रशासन ने इन्हें अतिक्रमण बताकर तोड़ दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं दी गई। इससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
