जिला पंचायत की उन्तालिस सीटों पर समर्थित उम्मीदवार फाइनल नहीं कर पाई बीजेपी
भाजपा नेता अब इसे बता रहे रणनीति का हिस्सा
देहरादून।उत्तराखंड में पंचायत चुनाव की सरगर्मियां आहिस्सा आहिस्ता अब चरम को छूने लगी हैं। सूबे की 358 जिला पंचायत सीटों में से अधिकांश पर राज्य के दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा अपने अपने समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा कर दिए जाने के बाद, अब उम्मीदवार पूरे दमखम के साथ नामांकन दािखल करने में लग गए हैं। बात भाजपा की करें तो सत्ताधारी दल होने के कारण भाजपा का समर्थक उम्मीदवार होने के लिए ज्यादा मारामारी देखने को मिल रही है। एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति के चलते भाजपा प्रदेश की 39 जिला पंचायत सीटों पर भाजपा का असमंजस फिलहाल बरकरार है और वह इन सीटों पर अपने समर्थित उम्मीदवारों के नाम फाइनल नहीं कर पाई है ।पार्टी सूत्रों से छनकर आई खबरों की माने तो यह 39 सीटे भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के लिए इसलिए एक बड़ा सिर दर्द बन गई है, क्योंकि यहां एक ही सीट पर भाजपा के कई दावेदार मैदान में डटे हुए हैं। अपने नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को अनुशासन की छतरी के नीचे इकट्टा करने में असफल भाजपा अब इसे अपनी सोची समझी रणनीति का हिस्सा बता रही है।भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने इस मसले पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की सोची समझी रणनीति का हिस्सा है । मनवीर चौहान ने कहा कि प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा के कार्यकर्ता ही जीतकर आएंगे। इसको लेकर पार्टी पूरी तरह से आश्वत हैं। उन्होंने कहा जिन सीटों पर समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गई है ,वह पार्टी की स्ट्रैटेजी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनका कार्यकर्ता चुनाव जीत कर आता है, तो वह बीजेपी का ही कार्यकर्ता ही कहलाएगा। उसका स्वागत भाजपा करेगी। यानी यहां पर भाजपा को कोई नुकसान नहीं है, लेकिन अगर भाजपा किसी एक प्रत्याशी को समर्थन देती है, तो उसके अन्य कार्यकर्ता पार्टी से नाराज होकर छिटक सकते हैं। जिसका नुकसान आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिल सकता है।ज्ञात हो कि जिला पंचायत की जिन सीटों पर बीजेपी ने प्रत्याशी घोषित नहीं किये हैं उनमें चमोली की सैंजी, पिलंग, रानौ,विनायक हॉट कल्याणी, भेंटी सीटें है। पौड़ी जिले में बमराड़ी बीरोंखाल, बथेड़ थलीसैंण, टीला थलीसैंण, भरनौ थलीसैंण है। टिहरी जिले में बगलो की कांडी, हड़ियाना, पलेडी डोडरियाल, बैरोला, ऋषिकेश में सहाबनगर, देहरादून ग्रामीण में डाकपत्थर द्वितीय और एटनबाग सीट है।उत्तरकाशी में डुंडा,जेमर, फोल्ड पुजारगांव, न्यूगांव,गेंवला भंडारस्यूं, गडोली बणगांव, हुडोली, कोटगांव जखोल, नानई सीट पर बीजेपी ने कैंडिडेट घोषित नहीं किये हैं वही कुमाऊँ मंडल के पिथौरागढ़ में लेलू प्रथम, बागेश्वर में पिंग्लों, चंपावत में धुरा, कानीकोट, रानीखेत में ईडा, इकरोला मोहनरी, पिलखोली, उधम सिंह नगर में भंगा, नैनीताल में ककोड़, बडोन, सूपी, चापड़, बज्जीबंगर में भी बीजेपी ने कैंडिडेट की घोषणा नहीं की है।
