August 23, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री धामी की उपस्थिति में कालू सिद्ध मंदिर के नये भवन में मूर्तियों की विधि विधान से हुई प्राण प्रतिष्ठा

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर में छत्र चढ़ाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तहत मुख्यमंत्री पूजन विधि में सम्मिलित हुए और नव निर्मित भव्य मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री के मंदिर आगमन पर परंपरागत वेशभूषा में कलश लेकर पहुंची महिलाओं ने उनका स्वागत किया। मंदिर परिसर में मंदिर समिति अध्यक्ष एवं पीठाधीश महंत कालू गिरी महाराज तथा महंत त्रिवेणी गिरी महाराज के सानिध्य में संतों ने रुद्राक्ष माला पहनाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। पूजन विधि आचार्य डॉ. भूवन चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में 16 आचार्यों द्वारा संपन्न कराई गई। मंदिर का नया भवन उत्तर भारतीय नागर शैली में निर्मित किया गया है, जिसमें संगमरमर का प्रयोग और दीवारों पर आकर्षक नक्काशी की गई है। भवन का रंग-रोगन कार्य भी पूरा हो चुका है। नवनिर्मित मंदिर में हरि विष्णु, शनिदेव, श्री गोल्ज्यू देवता, राम दरबार, शिव परिवार, मां दुर्गा सहित 15 देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क चौड़ीकरण योजना के अंतर्गत ऐतिहासिक कालू सिद्ध मंदिर का स्थान परिवर्तन कर नवीन स्थल पर भव्य रूप से पुनर्निर्माण किया गया है। यह मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके सौंदर्यपूर्ण निर्माण में मंदिर समिति का योगदान सराहनीय है। आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए तेजी से कार्य कर रही है और ’मानस खंड कॉरिडोर’ जैसी योजनाओं के माध्यम से कुमाऊं मंडल के प्रमुख मंदिरों को आधुनिक और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कालाढुंगी के विधायक बंशीधर भगत,भीमातल के विधायक राम सिंह कैड़ा मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’, राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, रेनू अधिकारी, नवीन वर्मा ,कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा, नगर आयुक्त ऋचा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं श्रद्धालुजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *