August 20, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दिल्ली के पर्यटकों की बोलेरो खाई में गिरने से एक की मौत,छह घायल

कोटद्वार (उद संवाददाता)।दिल्ली के पर्यटकों की बोलेरो कार बुधवार रात काशीपुर-बुआखाल हाईवे पर अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में एक महिला की मौत हो गयी जबकि छह लोग घायल हो गये। घायलों को बीरोखाल अस्पताल भेजा गया। जहां से चार घायलों को गंभीर हालत में हायर सैंटर रैफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार थलीसैंण से दिल्ली के बीच नियमित रूप से चलने वाली एक बोलेरो टैक्सी संख्या यूके 19टीए 0624 रात करीब आठ बजे काशीपुर-रामनगर और धुमाकोट होते हुए थलीसैंण जा रही थी। जैसे ही टैक्सी हाईवे पर बैजरो से चार किमी आगे जिवई कस्बे की ओर बढ़ी, सुकई गांव के पास खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे नयार नदी के किनारे गिरा है। वाहन में सवार लोगों में एक घायल ने परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी दी, लेकिन वे भी सही स्थान नहीं बता सके। जिससे घायलों तक पहुंचने में काफी समय लग गया। रात के घुप अंधेरे में स्थानीय ग्रामीण खोजबीन करते रहे, इस बीच लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनकर बड़ी मुश्किल से घटनास्थल पर पहुंच सके। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायल सवारियों को घटना स्थल से निकालकर 108 सेवा के द्वारा बीरोंखाल अस्पताल भेजा । जहां से चार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सैंटर रैफर कर दिया गया। दुर्घटना में 55 वर्षीय बिलेश्वरी देवी पत्नी खुशाल सिंह निवासी ग्राम नानस्यूं पजियाणा की मौके पर ही मौत हो गई है। चालक समेत दो अन्य घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल भेजा जा रहा है। जबकि घायलों की पहचान अक्षरा (13 वर्ष), पुत्री सुनील निवासी ग्राम नानस्यूं पजियाणा, थाना थलीसैंण, दीपांशु (9 वर्ष), पुत्र दिनेश निवासी ग्राम नानस्यूं पजियाणा, मनवर सिंह (38 वर्ष), चालक निवासी ग्राम मासों, संदीप उर्फ सन्नी (30 वर्ष), पुत्र भीम सिंह निवासी ग्राम कुण्ड, बलेश्वरी देवी (62 वर्ष) पत्नी दर्शन सिंह निवासी ग्राम भण्डेली, बथुली देवी (62 वर्ष)पत्नी सैन सिंह निवासी ग्राम भण्डेली के रूप में हुयी है। बताया गया है कि सभी यात्री गाजियाबाद से अपने गांव लौट रहे थे। संदीप उर्फ सन्नी नामक एक व्यक्ति बैजरो से वाहन में सवार हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *