Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम धामी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश: प्रदेश में कई स्थानों पर अभी भी सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हो पायी है

देहरादून(उद संवाददाता)। प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए सीएम धामी ने सख्त रूख अपना लिया है। उन्होने स्पष्ट किया है कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने में लापरवाही करने वालों पर कार्यवाही की जायेगी। बता दें सीएम धामी ने 15 अक्टूबर तक प्रदेश की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के आदेश दिये थे, लेकिन प्रदेश में कई स्थानों पर अभी भी सड़कें गड्ढामुक्त नहीं हो पायी है, जिसका संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार प्रातः शासकीय आवास पर बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में सड़कों की मरम्मत के कार्य में लापरवाही बरतने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। बैठक में सीएम धामी ने कहा कि जहां-जहां सड़कों की मरम्मत का कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करते हुए जनता को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध करायें। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी दीपोत्सव के दृष्टिगत राज्यवासियों को अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इससे न केवल स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को समर्थन मिलेगा, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों को भी बल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *