February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देहरादून/रामनगर। रूद्रपुर की महारैली से पहले आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्बेट पार्क पहुंचे। मोदी आज सुबह करीब सात बजकर छह मिनट पर विशेष विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। मौसम खराब होने के कारण उनका एमआइ -7 हेलीकॉप्टर से आगे की उड़ान नहीं भर सका। वह करीब चार घंटे तक एयरपोर्ट के अंदर स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में रुके रहे। मौसम खुलने के बाद करीब 11 बजे पीएम मोदी सेना के हेलीकॉप्टर से कालागढ़ के लिए उड़ान भरी। रुद्रपुर से पहले देहरादून जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर उतरने का पीएम का कार्यक्रम बेहद गोपनीय रखा गया था। जब वह हेलीकॉप्टर से उतरे तो उस समय सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत भी वहां नहीं पहुंचे। तब तक मोदी कार में बैठकर एयरपोर्ट स्थित स्टेट हाउस में पहुंच गए। इसके बाद सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने आवास से जौलीग्रांट के लिए रवाना हुए, लेकिन बीच रास्ते से ही लौट गए। मौसम खराब होने के कारण चार घंटे देहरादून में इंतजार करने के बाद मोदी का हैलीकॉप्टर कालागढ़ के लिए रवाना हुआ। बताया जाता है कि कालागढ़ में प्रधानमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद वह जिम कार्बेट पार्क की सैर के लिए रवाना हुए। पीएम ने यहां मोटर बोट में सवार होकर बोटिंग का आनन्द लिया। इसके बाद वह ढिकाला जोन में रवाना हुए। कुछ देर कार्बेट पार्क में बिताने के बाद मोदी ने रूद्रपुर महारैली में पहुंचने की तैयारी की। समाचार लिखने तक मोदी कार्बेट पार्क में ही थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *