लाखों का पान मसाला व तम्बाकू से भरा ट्रक पकड़ा
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। सीपीयू पुलिस टीम ने चौकिंग के दौरान बिलासपुर मार्ग पर सीमा के समीप लाखों रूपये कीमत के प्रतिबंधित तम्बाकू और पान मसाला से भरा ट्रक पकड़कर सम्बंधित विभागीय अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया। बताया जाता है कि सीपीयू टीम बिलासपुर मार्ग पर गश्त कर रही थी इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहे ट्रक संख्या एचआर 55 एएल 2094 को रोककर चालक से उसमें रखे सामान के बारे में जाना तो चालक द्वारा बताया गया कि वाहन में तम्बाकू और पान मसाला के बोरे रखे हुए हैं। यह जानकर सीपीयू टीम ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को बताया कि उत्तराखण्ड राज्य में निकोटीन युक्त पान मसाला और तम्बाकू प्रतिबंधित हैं।े टीम ने मामले की जानकारी पुलिस उच्चाधिकारियों को दी। साथ ही सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को भी अवगत कराया। सूचना मिलने पर पहुंचे राज्यकर अधिकारी ने चालक से सामान के कागजात लेकर जांच की तो पता चला कि ट्रक में 75 नग पान मसाला के और 75 नग तम्बाकू के हैं । इसके अतिरिक्त दो नग रेडिमेड सामान के रखे हुए है। उन्होंने बताया कि ट्रक में रखे पान मसाला और तम्बाकू की जांच खाद्य विभाग द्वारा की जायेगी। यदि यह नियम विरूद्ध पाया गया तो आगे की कार्रवाई की जायेगी। समाचार लिखे जाने तक विभागीय अधिकारी ट्रक में रखे सामान की जांच पड़ताल कर रहे थे।


