युवक ने दरांती से खुद का गला रेता, गंभीर
रामनगर। पीरूमदारा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धर्मपुर ओलिया में एक युवक द्वारा दरांती से अपना ही गला काटकर जान देने की कोशिश करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटनाक्रम के अनुसार देर रात डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने खुद को जानलेवा रूप से घायल कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि धर्मपुर ओलिया निवासी प्रदीप सिंह रावत लहूलुहान हालत में पास के एक खेत में पड़ा हुआ था और उसकी मां गोदाम्बरी देवी उसके पास बैठकर विलाप कर रही थी। परिजनों ने बताया कि प्रदीप ने घर के आंगन में रखी दरांती उठाकर अचानक अपना गला रेतने का प्रयास किया। चीख पुकार सुनकर जब मां बाहर आई तो मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत अपने छोटे बेटे दीपक रावत को मदद के लिए बुलाया और दोनों ने मिलकर किसी तरह प्रदीप के हाथ से दरांती छीनी। इसके बाद घायल युवक भागकर पास के खेत में जाकर लेट गया। परिजनों के अनुसार प्रदीप सिंह रावत लंबे समय से नशे का आदी है और पिछले कुछ दिनों से उसका व्यवहार पूरी तरह असामान्य हो गया था। वह लगातार घर वालों से यह कह रहा था कि उस पर किसी भूत प्रेत का साया है, जिससे परिवार के लोग भी काफी चिंतित थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को रामनगर के सरकारी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घाव गहरा होने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और युवक के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
