दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे युवक की खाई में गिरने से मौत
देहरादून (उद संवाददाता)। राजधानी के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सहस्त्रधारा क्षेत्र में शनिवार देर रात दोस्तों के साथ पार्टी मनाना एक युवक के लिए काल बन गया। पहाड़ी के ऊपर दोस्तों के साथ मस्ती करने के दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम परिस्थितियों और रात के अंधेरे में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर युवक के शव को बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना राजपुर क्षेत्र के आईटी पार्क चौकी के अंतर्गत सहस्त्रधारा के पास शनिवार रात स्थानीय युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए पहाड़ी पर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सभी दोस्त काफी देर तक पहाड़ी के ऊपर खान-पान और मस्ती में मशगूल थे। इसी बीच अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह सीधे गहरी खाई की ओर जा गिरा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन ढलान अत्यधिक तीव्र होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। हादसे के बाद घबराए साथियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। रात का सन्नाटा, घना अंधेरा और लगभग 250 मीटर की खतरनाक ढलान टीम के लिए बड़ी चुनौती थी। जवानों ने टॉर्च और रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर गहन सर्च ऑपरेशन चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ के जवान खाई की गहराई में फंसे युवक तक पहुंचने में सफल रहे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। टीम ने स्ट्रेचर के माध्यम से शव को सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया और वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान चेतन चन्द्र बहादुर के रूप में की है, जो सहस्त्रधारा क्षेत्र का ही रहने वाला था। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है कि हादसे के समय वहां कितने लोग मौजूद थे और घटना की मुख्य वजह क्या रही।
