महिला ने घर में फंदे से लटककर दी जान
हल्द्वानी (उद संवाददाता)। मुखानी थाना क्षेत्र के जज फार्म में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार की सुबह जब 10वीं में पढ़ने वाले बेटे की नींद खुली, तो मां को फंदे पर लटका देख उसकी चीखें निकल गईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 44 वर्षीय विमला सती अपने बेटे के साथ जज फार्म स्थित एक मकान के ऊपरी तल पर किराए पर रहती थीं। जिस मकान में वह रहती थीं, उसके मालिक पिछले कुछ महीनों से सपरिवार बाहर गए हुए थे और घर की देखरेख की जिम्मेदारी विमला सती को ही सौंप रखी थी। गुरुवार सुबह जब बेटा सोकर उठा और उसने मां को कमरे में नहीं पाया, तो वह उनकी तलाश करने लगा। मकान मालिक के कमरे का दरवाजा खुला देख जब वह अंदर पहुंचा, तो वहां का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। विमला सती का शव पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था। बेटे के शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मुखानी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। दुखद पहलू यह भी है कि बीते वर्ष जून माह में महिला के पति ने भी टांडा जंगल में जाकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से परिवार गहरे सदमे में था। पुलिस ने मृतका के घर से सुसाईड नोट बरामद किया है। जिसमें उन्होंने कहा कि वह अपनी मौत की जिम्मेदार खुद हैं अगर जिंदा रहूंगी तो पागल हो जाऊंगी इससे अच्छा तो मरना ही सही है। ऐसा लिखकर वह फंदे पर झूल गई। बताया जाता है कि बुधवार की रात विमला सती ने अपने 15 वर्षीय बेटे, सास सीला सती के साथ खाना खाया। इसके बाद वह रात 12-30 बजे तक अपने बेटे दक्ष के साथ टहल रहीं थीं। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिवारजनों की मानें तो प्रॉपर्टी डीलर पति कौशल कुमार की एक साल पहले आत्मघाती कदम उठाने पर वह अपने को संभाल नहीं सकीं। उनकी डिप्रेशन की दवाइयां चलतीं थीं। उन्हें रात को नींद नहीं आती थी।
