February 11, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सौरभराज बेहड़ पर हुए हमले के मामले में जुबानी जंग तेज, शुक्ला ने लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप

रूद्रपुर।किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र सौरभराज बेहड़ पर हुए हमले के मामले में नए खुलासों के बाद सियासत पूरी तरह गरमा गई है। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने विधायक बेहड़ पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पूरे घटनाक्रम के पीछे एक सोची- समझी राजनीतिक साजिश रची गई है। राजेश शुक्ला ने कहा कि घटना होने के बावजूद तीन दिन तक पुलिस में शिकायत दर्ज न कराना गहरे संदेह पैदा करता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विधायक बार-बार जिस ‘आका’ का जिक्र कर रहे हैं, अगर वे खुद आईना देख लें तो उन्हें उस आका का आकार और जवाब खुद- ब-खुद मिल जाएगा। शुक्ला ने दावा किया कि वर्तमान सरकार, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक विरोधियों को बदनाम करने के लिए यह पूरा ताना-बाना बुना गया। पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि जनता की सहानुभूति हासिल करने, पुत्र को सुरक्षा दिलाने और अपने विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाने के उद्देश्य से यह सब किया गया है। उन्होंने कहा कि पिता की जानकारी के बिना इतनी बड़ी योजना बन पाना नामुमकिन है। शुक्ला ने बताया कि मामले में उनके भतीजों की कॉल डिटेल खंगालने पुलिस पहुंची थी, जिसके लिए उन्होंने जांच एजेंसियों का आभार जताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस रसूखदारों के दबाव में मामले की गहराई तक नहीं जा पाई और जिन तीन लोगों को आरोपी बनाकर पेश किया गया, उनका कोई पूर्व आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में विधायक पुत्र के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी।

बेहड़ का पलटवार-शुक्ला खुद भी समय-समय पर वही आईना देखते रहें
रूद्रपुर । पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के तंज पर किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने भी अपने चिर-परिचित अंदाज में पलटवार किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए शुक्ला की प्रतिक्रिया के लिए आभार जताया और उन्हें ‘विद्वान व अनुभवी राजनीतिज्ञ’ करार दिया। बेहड़ ने पलटवार करते हुए कहा कि जिस ‘आईने’ की बात राजेश शुक्ला कर रहे हैं, बेहतर होगा कि वे खुद भी समय-समय पर उस आईने को देखते रहें। विधायक ने बिना किसी का नाम लिए इशारों- इशारों में कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप लगाना कोई नई बात नहीं है, लेकिन जनता सब जानती है और सच्चाई अंततः सामने आ ही जाती है। बयानबाजी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *