‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी‘ परेड में उत्तराखण्ड राज्य की झांकी ‘अष्ट तत्त्व और एकत्व‘ का किया गया प्रदर्शन
देहरादून। देशभर में आज राष्टीय एकता दिवस के रूप में भारत रत्न सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी‘ के सम्मुख आयोजित परेड में उत्तराखण्ड राज्य की झांकी ‘अष्ट तत्त्व और एकत्व‘ का प्रदर्शन किया गया । इस वसर पर देश के पीएम नरेंद्र मोदी भी स्टेच्यू आफ युनिटी केवड़िया में मौजूद रहे और उन्होंने वहां प्रदर्शित झांकियों का अवलोकन भी किया। इस झांकी के माध्यम से उत्तराखंड के आध्यात्मिक और प्राकृतिक वैभव के साथ ही संस्कृति और प्रगति के विभिन्न आयामों को प्रदर्शित किया गया । एकता दिवस के इस मुख्य समारोह में आयोजित परेड के दौरान राज्य के लोक कलाकार उत्तराखंडकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया । सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी‘ के सम्मुख आयोजित राष्ट्रीय स्तर के मुख्य समारोह में उत्तराखंड को प्रतिभाग करने का गौरव मिला है। गृह मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति द्वारा कई दौर के विचार-विमर्श और परीक्षण के बाद देश के चुनिंदा आठ राज्यों के साथ ही उत्तराखंड की झांकी का अंतिम रूप से चयन किया गया। तिवारी ने बताया कि राज्य की झांकी ‘अष्ट तत्व और एकत्व’, जो आठ तत्वों की समरसता और एकता की भावना का प्रतीक है, उत्तराखंड के दिव्य धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक समृद्धि के साथ-साथ सतत और समग्र विकास के प्रति प्रगतिशील दृष्टिकोण को प्रदर्शित करेगी। झांकी के नोडल अधिकारी एवं सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान के निर्देशन में इस झांकी का निर्माण किया किया गया है।
