बेकाबू कार ने जिप्सी और बाइकों को मारी टक्कर,तीन घायल
काशीपुर मार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, युवक की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर-काशीपुर नेशनल हाईवे 309 पर मंगलवार सुबह एक अनियंत्रित कार ने जबरदस्त कोहराम मचाया। रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप हुई इस दुर्घटना में एक जिप्सी और कई मोटरसाइकिलें कार की चपेट में आ गईं, जिससे एक महिला पर्यटक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, महिला पर्यटक शेफाली चावला अपने परिवार के साथ सफारी जिप्सी में सवार होकर ‘फाटो’ पर्यटन जोन का भ्रमण कर रामनगर की ओर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान रिलायंस पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने जिप्सी को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिप्सी से टकराने से पहले कार चालक ने सड़क पर चल रही 2 से 3 मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में लिया था। इस भिड़ंत में जिप्सी सवार महिला और एक बाइक पर सवार दो युवक लहूलुहान हो गए। हादसे के तुरंत बाद घायलों को रामनगर स्थित बृजेश हॉस्पिटल ले जाया गया। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ- अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि उनके यहाँ दुर्घटना में घायल शेफाली चावला (पर्यटक), विकास और प्रताप सिंह (बाइक सवार) को उपचार के लिए लाया गया था। प्राथमिक जांच के बाद बाइक सवार प्रताप सिंह की हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार देकर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य दो घायलों का उपचार फिलहाल निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अस्पताल और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार अनियंत्रित कैसे हुई और क्या चालक नशे में था या वाहन में कोई तकनीकी खराबी आई थी।
