Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कच्ची शराब के विरुद्ध ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 भट्टियां जमींदोज

रुद्रपुर । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे एक सप्ताह के विशेष अभियान के तहत पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की है। एसएसपी के सख्त निर्देशों के अनुपालन में 1 मार्च 2026 को पुलिस टीमों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिससे शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अभियान के तहत पुलिस ने अवैध भट्टियों को जमींदोज करने के साथ ही भारी मात्रा में शराब और लहन बरामद किया है। जनपद भर में हुई थाना-वार कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है कि कोतवाली बाजपुर में पुलिस ने 1 अभियुक्त को गिरफ्तार कर 21 लीटर शराब बरामद की और 4 अवैध भट्टियां व 17,000 लीटर लहन नष्ट किया। वहीं कोतवाली गदरपुर में 3 अभियोग दर्ज कर 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जहाँ पुलिस ने 80 लीटर शराब बरामद करने के साथ ही 2 भट्टियां और 10,000 लीटर लहन नष्ट किया। इसके अतिरिक्त कोतवाली किच्छा में सघन चेकिंग के दौरान 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 66 लीटर शराब और 1 वाहन जब्त किया गया, जबकि कोतवाली सितारगंज में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 45 लीटर शराब और 1 वाहन बरामद किया गया। इसी क्रम में कोतवाली नानकमत्ता में 2 अभियुक्तों से 55 लीटर शराब, कोतवाली पंतनगर में 1 अभियुक्त से 22 लीटर शराब, कोतवाली ट्रांजिट कैंप में 1 अभियुक्त को गिरफ्तार कर 28 लीटर शराब जब्त की गई। कोतवाली काशीपुर में 2 अभियुक्तों से 33 लीटर, कोतवाली खटीमा में 2 अभियुक्तों से 21 लीटर, थाना दिनेशपुर में 1 अभियुक्त से 10 लीटर और कोतवाली कुंडा में 1 अभियुक्त को गिरफ्तार कर 20 लीटर शराब बरामद की गई। जनपद पुलिस द्वारा की गई इस व्यापक कार्रवाई में कुल 20 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं और 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कुल 401 लीटर कच्ची शराब और 2 वाहन जब्त किए हैं, जबकि 6 अवैध भट्टियों को नष्ट कर 27,000 लीटर से अधिक लहन मौके पर ही बहा दिया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *