Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

ड्रंक ड्राइविंग के मामलों में कार्यवाही करने में पिछड़ा उधम सिंह नगर जिला

नौ महीने में केवल 279 नशेड़ी ड्राइवरों को ही रडार पर ले पाई जनपद की पुलिस
देहरादून/ रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जनपद, खासकर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में तेजी से बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच यातायात निदेशालय उत्तराखंड से प्राप्त नशे की हालत में गाड़ी चलाने पर प्रदेश भर में की गई चालान एवं ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रेषित करने की कार्यवाही के आंकड़े सामने आए हैं, जिसमें उधम सिंह नगर जिला छठवें नंबर पर है। जनपद में आए दिन हो रही सड़क दुर्घटनाओं एवं जिले भर में नशे की हालत में ड्राइविंग की बढ़ती प्रवृत्ति के मध्य नजर उपरोक्त आंकड़े कहीं ना कहीं यह इशारा करते हैं कि उधम सिंह नगर पुलिस ने दारुबाजों पर पर्याप्त शिकंजा नहीं कसा। वह इसलिए, क्योंकि जिले में जनवरी 2025 से सितंबर 2025 तक की नौ महीने की अवधि में उधम सिंह नगर पुलिस द्वारा नशे की हालत में गाड़ी चलाने वाले केवल 279 व्यक्तियों को अपने रडार पर लिया जा सका है और इस अवधि में जिले की पुलिस ने केवल मात्र 19 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाने की सिफारिश की है। यातायात निदेशालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में जनवरी 2025 से सितंबर 2025 तक कुल 8643 चालान नशे की हालत में वाहन चलाने के मामलों में कार्यवाही की गई है तथा कुल 2405 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रेषित किए गए हैं । यातयात निदेशालय द्वारा जारी आंकड़े तस्दीक करते हैं कि 9 महीने की इस अवधि में नशे की हालत में वाहन चलाने पर सबसे अधिक कार्यवाही देहरादून में हुई है। ज्ञात हो की चालू वर्ष के सितंबर माह तक देहरादून जिले में नशे की हालत में गाड़ी चलने पर 4286 व्यक्तियों के चालान किए गए हैं और 1144 व्यक्तियों के डीएल निलंबन के लिए परिवहन विभाग को प्रेषित किए गए हैं । नशे की हालत में गाड़ी चलाने पर कार्यवाही करने एवं ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश करने के मामले में दूसरा स्थान पौड़ी गढ़वाल जिले का तथा तीसरा स्थान हरिद्वार जिले का, चौथा स्थान नैनीताल जिले का पांचवा स्थान पिथौरागढ़ जिले का और छठवा स्थान उधम सिंह नगर जिले का है। आंकड़ों के अनुसार उधम सिंह नगर जिले में सितंबर तक 279 चालान किया जाकर 19 डीएल निलंबन के लिए प्रेषित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी घातक प्रवृत्तियों पर नियंत्रण के लिए यातायात निदेशालय, उत्तराखण्ड पुलिस के निर्देशानुसार राज्य के सभी जनपदों में विशेष प्रवर्तन अभियान समय-समय पर संचालित किया जाता है। इस अभियान का उद्देश्य नशे में वाहन संचालन से होने वाली दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम जनता में यातायात अनुशासन के प्रति जागरुकता बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *