February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। किच्छा क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गये। इस दौरान एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से किए गए ओवरटेक ने दो युवकों की जान को गंभीर खतरे में डाल दिया। बरेली पुराने शहर निवासी तालीव पुत्र सज्जद हुसैन और जमीर बैग पुत्र सज्जाद बैग पैशन प्रो बाइक से बरेली से रुद्रपुर किसी परिचित से मिलने आ रहे थे। जैसे ही दोनों किच्छा क्षेत्र में पहुंचे, पीछे से आ रही एक कार ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक तेज गति में था और गलत तरीके से ओवरटेक कर रहा था। गनीमत यह रही कि उसी वक्त पीछे से कोई भारी वाहन नहीं आ रहा था, वरना यह हादसा जानलेवा भी हो सकता था। इस दुर्घटना में जमीर बेग के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि तालीव को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही हाईवे एंबुलेंस सेवा 1033 मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल, रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है। फिलहाल दोनों घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और हादसे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *