कार-बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत
खटीमा(उद संवाददाता)। चकरपुर-बनबसा मार्ग पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें मोटर साइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक कार के बोनट को चीरते हुए अंदर तक घुस गई, जबकि मोटर साइकिल बीच से दो टुकड़ों में बंट गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना चकरपुर स्थित जागबुड़ा पुल के बीच उस समय हुई जब तेज रफ्तार बाइक विपरीत दिशा से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाइक सीधे कार के अंदर जा घुसी। दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। कार सवार लोगों ने पुलिस को बताया कि मोटर साइकिल की गति अत्यधिक तेज थी, जिसके चलते यह भयावह हादसा हुआ।पुलिस ने मृतकों की पहचान खटीमा के वार्ड 13 निवासी नावेद खान और नमन के रूप में की है। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया । पुलिस जांच में जुटी है।

