भालू के हमले में जंगल में घास लेने गई दो महिलाएं घायल
अल्मोड़ा(उद संवाददाता)। चौखुटिया विकासखंड के चौकोड़ी जंगल में घास लेने गई दो महिलाओं पर जंगली भालू ने हमला कर दिया। हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दूसरी को भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) चौखुटिया पहुंचाया। घायल महिलाओं की पहचान गीता देवी और चंपा देवी के रूप में हुई है। भालू के हमले में गीता देवी के चेहरे, सिर और गर्दन पर गहरे नाखूनों के निशान आए हैं। उनकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने करीब 10-12 टांके लगाए। वहीं चंपा देवी के सिर और चेहरे पर पंजों के गंभीर निशान हैं, जिन पर 4-5 टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी अनिल कुमार, तहसीलदार तितिक्षा जोशी, राजस्व निरीक्षक द्वाराहाट गोपाल दत्त जोशी एवं वन विभाग के एसडीओ काकुल पुंडीर सीएससी चौखुटिया तथा घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। वन विभाग की ओर से पीड़ितों को त्वरित अंतरिम राहत प्रदान की गई। गंभीर रूप से घायल गीता देवी को 30 हजार तथा कम गंभीर घायल चंपा देवी को 20 हजार की आर्थिक सहायता मौके पर ही प्रदान की गई। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से जंगल क्षेत्र में सतर्कता बरतने की अपील की है, साथ ही वन विभाग द्वारा प्रभावित इलाके में निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है।
