Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चोरी की दो घटनाओं का खुलासाः लाखों के जेवर व समेत शातिर चोर शिकंजे में

हल्द्वानी । एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर मुखानी थाना पुलिस व एसओजी टीम को क्षेत्र में चोरी की घटित 2 घटनाओं का खुलासा करने में बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मामले में एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को लगभग नौ लाख रुपए कीमत के चुराए जेवरात और हजारों की नगदी सहित गिरफ्तार किया है। मामलों का खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि 14 मार्च को ललित सिंह पुत्र नंदन सिंह निवासी सत्यानंद कॉलोनी गली नंबर 10 बिठोरिया नंबर 01 मुखानी ने थाना मुखानी में 10 जनवरी से 15 जनवरी के बीच अज्ञात चोर द्वारा उसके घर से 50 हजार की नगदी व चांदी के जेवरात चोरी करने के सम्बन्ध में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह के सुपुर्द की गयी। उन्होंने बताया वहीं 1 अप्रैल को घनश्याम चंद्र पुत्र विशन राम निवासी हरि शिव विहार हिम्मतपुर मल्ला मुखानी ने थाने आकर 16 नवम्बर 25 से 19 नवम्बर 25 के बीच उसके घर का ताला तोड़कर घर से सोने चांदी के आभूषण व कुछ नगदी चोरी करने के सम्बन्ध में तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया जिसकी विवेचना उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद के सुपुर्द की गई।एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. द्वारा मामले की संवेदनशीलता के दृष्टिगत पुलिस टीम गठित कर तत्काल मामले का अनावरण करने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी एवं राजेश जोशी प्रभारी एसओजी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चौक करने पर दोनों घटनाओं में एक ही संदिग्ध व्यक्ति लिप्त होना पाया गया। बताया पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश, पूछताछ, सर्विलांस तथा मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार गुसाईपुर तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्ति मुंशी राम उर्फ सोनू पुत्र दीपचंद निवासी कस्बा बेहट मोहल्ला महाजनान थाना वकोतवाली बेहट जिला सहारनपुर को चोरी के आभूषण व नगदी के साथ गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से ललित सिंह के घर से चुराए चांदी की एक जोड़ी चौन पट्टðी, 2 गले की चेन, 3 अंगूठी, 2 जोड़ी धागुले, नगदी 22460.00 रूपये बरामद किए। जबकि घनश्याम चन्द्र के घर से चुराए एक जोड़ी मंगलसूत्र, एक जोड़ी पौची, एक मांग टीका,एक अंगूठी, एक जोड़ी कान के झुमके बरामद हुए। एसएसपी ने बताया कि चोर मुंशीराम पर कई राज्य मे मुकदमे दर्ज हैं। उसके द्वारा अन्य राज्य में भी चोरी व अन्य अपराधी घटनाओं को अंजाम दिया गया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु 1500 रुपये नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सुशील जोशी, उप निरीक्षक वीरेंद्र चंद, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल इसरार , हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत कॉन्स्टेबल धीरज सुगडा, बलवंत सिंह, रविंद्र खाती, अनिल गिरी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *