कार खाई में गिरने से दो की मौत,दो गंभीर
उत्तर प्रदेश के उन्नाव से जागेश्वर जा रहे थे चार दोस्त, गेठिया क्षेत्र में हुआ भीषण हादसा
नैनीताल (उद संवाददाता)। सरोवर नगरी नैनीताल के समीपवर्ती गेठिया क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी दो पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पीतांबर नगर, उन्नाव निवासी अंकित चौधरी अपने तीन मित्रें अभिराज,अतुल दुबे और श्याम के साथ अपनी कार संख्या-यूपी 78 एचजे 4936 से शनिवार को जागेश्वर धाम घूमने जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन हल्द्वानी से ऊपर गेठिया क्षेत्र में पहुंचा, अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।वाहन के खाई में गिरने की तेज आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही तल्लीताल थाना एसआई सतीश उपाध्याय पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान दमकल विभाग और एसडी आरएफ की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए दुर्गम खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया। क्षतिग्रस्त वाहन के नीचे दबे पर्यटकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक अंकित चौधरी और अभिराज दम तोड़ चुके थे। हादसे में अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने सड़क तक पहुँचाने के बाद तत्काल उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
