तुषार हत्याकांडः पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं परिजन,सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
खटीमा(उद संवाददाता)। तुषार हत्याकांड को लेकर पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई को प्रशासन जहां कानून-व्यवस्था की दिशा में अहम कदम मान रहा है, वहीं मृतक के परिजनों की पीड़ा और आशंकाएं अब भी कम होती नहीं दिख रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी और मुठभेड़ की सूचना सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि मामला केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़ी सामाजिक संवेदनाएं और भरोसे का सवाल भी उतना ही अहम बन गया है। पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी के पकड़े जाने की खबर रविवार सुबह जैसे ही सामने आई, मृतक के घर के आसपास लोगों का जमावड़ा लगने लगा। परिजनों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल एक आरोपी की गिरफ्तारी से उन्हें न्याय की पूरी उम्मीद नहीं दिखाई देती। मृतक के पिता मनोज शर्मा ने खुले तौर पर कहा कि वह मौजूदा कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनका मानना है कि यदि आरोपी भविष्य में जमानत पर बाहर आ गया, तो न केवल पीड़ित परिवार की सुरक्षा पर सवाल उठेंगे, बल्कि समाज में अपराधियों के हौसले भी बढ़ सकते हैं। मृतक की पत्नी ने भी इसी तरह की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस से कठोर और निर्णायक कार्रवाई की मांग की। इस असंतोष के चलते कुछ समय के लिए हालात तनावपूर्ण हो गए। परिजन और उनके समर्थक बाजार बंद कराने की मंशा से सड़कों पर उतर आए, जिससे क्षेत्र में असहज स्थिति बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त बल तैनात किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से संवाद किया और भरोसा दिलाया कि मामले में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे हालात काबू में आए और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस प्रशासन के अनुसार, एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इसी क्रम में शनिवार देर रात शमशान घाट के समीप स्थित एक ईंट भट्टòे के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच की जा रही है और हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्रवाई को प्रभावी बताते हुए उसका समर्थन किया। नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार से भेंट कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड का जल्द ही पूरा खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
