विभिन्न जनपदों में तैनात 23 निरीक्षकों व प्रतिसार निरीक्षकों के तबादले
देहरादून (उद संवाददाता)। प्रदेश की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड द्वारा पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, राज्य के विभिन्न जनपदों में तैनात 23 प्रतिसार निरीक्षकों, यातायात निरीक्षकों और दलनायकों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर उन्हें नई नियुक्तियां प्रदान की गई हैं। जारी सूची के अनुसार, ऊधमसिंहनगर में तैनात यातायात निरीक्षक नरेन्द्र कुमार आर्य को प्रतिसार निरीक्षक बागेश्वर बनाया गया है, जबकि ऊधमसिंहनगर में ही तैनात यातायात निरीक्षक जितेन्द्र पाठक को यातायात निरीक्षक पिथौरागढ़ के पद पर भेजा गया है। वहीं, चम्पावत में तैनात दलनायक गजेंद्र सिंह परवाल को ऊधमसिंहनगर का नया प्रतिसार निरीक्षक नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त नैनीताल में तैनात यातायात निरीक्षक शिवराज सिंह बिष्ट और अल्मोड़ा से दलनायक ललित मोहन देवड़ी को भी ऊधमसिंहनगर में यातायात निरीक्षक के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। अन्य महत्वपूर्ण तबादलों में देहरादून के यातायात निरीक्षक जितेन्द्र जोशी को चमोली, चमोली के प्रतिसार निरीक्षक आनंद सिंह को एसडीआरएफ में शिविरपाल और हरिद्वार के सीपीयू निरीक्षक हितेश कुमार को प्रतिसार निरीक्षक रुद्रप्रयाग बनाया गया है। इसी प्रकार, अल्मोड़ा के यातायात निरीक्षक दरबान सिंह और ऊधमसिंहनगर के यातायात निरीक्षक सुनील कुमार को नैनीताल में यातायात निरीक्षक के पद पर तैनात किया गया है। पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा जारी इस आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल से थानों और फील्ड यूनिट्स में कार्यकुशलता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
