शोरूम में गोली चलने से व्यापारी गंभीर,दिल्ली रैफर
सिर में लगी गोली, घायल की हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटी
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। शहर के पॉश इलाके सिविल लाइन स्थित एक जूतों के शोरूम में गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से एक युवा कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली व्यापारी के सिर में लगी है, जिससे उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद व्यापारी को दिल्ली के मैक्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली ध्रुव ने खुद चलाई या यह कोई हमला था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन निवासी स्वर्गीय अनिल चावला के 25 वर्षीय पुत्र ध्रुव चावला का सिविल लाईन मुख्य मार्ग पर किक्स विला द शूज नाम से जूतों का शोरूम है। गुरुवार रात करीब नौ बजे ध्रुव की अपनी मां एकता चावला से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उन्होंने 10 मिनट में घर पहुंचने की बात कही थी। जब काफी देर तक ध्रुव घर नहीं पहुंचा, तो चिंतित परिजनों ने रिश्तेदारों को शोरूम भेजा। वहां पहुंचने पर देखा कि शोरूम का शीशे का दरवाजा अंदर से बंद था और ध्रुव लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ा था। उसके सिर से काफी खून बह रहा था। आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर ध्रुव को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्रधिकारी प्रशांत कुमार, एसएसआई केसी आर्या, एसएसआई अनिल जोशी और चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, एक खाली खोखा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के समय शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे। आसपास के दुकानदार भी अपनी दुकानें बंद करके जा चुके थे, जिसके कारण किसी ने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी। पास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगालने पर ध्रुव रात 8ः11 बजे दुकान के बाहर खड़ा दिखाई दे रहा हैं, लेकिन उसके बाद क्या हुआ, यह अभी रहस्य बना हुआ है। व्यापारी पर गोली चलने की खबर फैलते ही शहर के व्यापार जगत में हड़कंप मच गया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा और विजय फुटेला सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के प्रयास और अन्य संभावित एंगलों से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि ध्रुव के होश में आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल ध्रुव की हालत नाजुक बताई जा रही है।
