February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कंपनी से लौट रही युवती से छेड़छाड़ और अपहरण का प्रयास,तीन युवक गिरफ्तार

राहगीरों और परिजनों की सतर्कता से बची युवती, आरोपियों को लोगों ने पकड़कर पीटा
लालकुआं(उद संवाददाता)। सिडकुल की कंपनी से लौट रही एक युवती से छेड़छाड़ और जबरन गाड़ी में खींचने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार देर रात कोतवाली क्षेत्र की है। युवती की बहादुरी और राहगीरों की सजगता से आरोपी अपने मंसूबों में नाकाम रहे। भीड़ ने तीनों युवकों को पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली के निकट रहने वाली युवती पंतनगर सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत है। गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह कंपनी की बस से उतरकर पैदल घर की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आई सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन युवकों ने उस पर अश्लील टिप्पणियां कीं और कुछ दूरी पर रास्ता रोककर गाड़ी में खींचने का प्रयास किया। युवती ने साहस दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और घर की ओर दौड़ी। शोर सुनकर परिजन और राहगीर मौके पर पहुंचे। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद युवती ने हिम्मत नहीं हारी। उसने स्कॉर्पियो पर पत्थर बरसाए और आरोपियों का सामना किया, जबकि उसके बाएं हाथ पर प्लास्टर बंधा हुआ था। मौके पर जुटी भीड़ ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई की। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाल बृजमोहन राणा ने बताया कि युवती की तहरीर पर अनिल कुमार आर्य निवासी राजीव नगर प्रथम बिंदुखत्ता, चंदन आर्य और विनोद आर्य निवासी शिव मंदिर कार रोड बिंदुखत्ता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले पर एएसपी मनोज कत्याल ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिडकुल की कंपनियों के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी और बस स्टॉपेज व संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *