February 4, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तीन विशाल अजगर और कोबरा रेस्क्यू

रामनगर। रामनगर वन प्रभाग की तराई पश्चिमी रेंज के अंतर्गत बाजपुर और टांडा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से बनी दहशत का अंत हो गया है। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और अनुभवी स्नेक कैचर तालिब हुसैन की कुशलता से तीन भारी-भरकम अजगरों और एक जहरीले कोबरा को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। इन सांपों की आबादी क्षेत्र में मौजूदगी से ग्रामीणों में भारी डर का माहौल बना हुआ था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचे स्नेक कैचर तालिब हुसैन ने अपनी टीम के साथ जोिखम भरे ऑपरेशन को अंजाम दिया। पकड़े गए तीनों अजगर काफी विशालकाय हैं, जिनमें से सबसे बड़े अजगर का वजन लगभग 45 से 50 किलोग्राम के बीच है, जबकि अन्य दो का वजन 35 से 40 किलोग्राम बताया जा रहा है। इसी क्षेत्र से एक अत्यंत विषैला कोबरा भी पकड़ा गया है, जो किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता था। तालिब हुसैन ने बताया कि समय रहते सूचना मिलने से सांपों और इंसानों, दोनों को सुरक्षित बचा लिया गया है। तराई पश्चिमी वन क्षेत्र के अधिकारियों के अनुसार, इन सभी वन्यजीवों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उन्हें मानवीय आबादी से दूर घने जंगलों में उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया है। वन विभाग ने जनता से अपील की है कि वन्यजीवों के आबादी क्षेत्र में आने पर उन्हें खुद पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि तत्काल विभाग को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *