February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

घर में घुसे तीन भालू, एक पिंजरे में हुआ कैद

उत्तरकाशी। भटवाड़ी ब्लॉक के मल्ला गांव में डांग तोक क्षेत्र में एक भालू पिंजरे में कैद हो गया। भालू के पिंजरे में कैद होने का पूरा दृश्य सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिससे क्षेत्रवासियों और वन विभाग को कुछ हद तक राहत मिली। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले मल्ला गांव में जंगल से निकलकर एक भालू अपने दो बच्चों के साथ घर में घुस गया था। सीसीटीवी में देखा गया कि भालू अपने बच्चों के साथ घर में प्रवेश कर भोजन तलाश रहे थे। दोनों छोटे भालू आपस में लड़ते दिखाई दिए, जिसे उनकी मां भालू अलग करती रही। काफी देर तक भालू और उसके बच्चे घर में ही चहल-कदमी करते रहे। मंगलवार रात को डांग तोक के एक घर के आंगन में तीन भालू मस्ती करते दिखाई दिए। इसी दौरान वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक भालू कैद हो गया। वीडियो में देखा गया कि दूसरा भालू भी पिंजरे में प्रवेश करता है, लेकिन पिंजरे का गेट समय पर बंद नहीं हो पाया। जैसे ही पहला भालू बाहर आया, गेट बंद हो गया और एक भालू पिंजरे में फंस गया। वन विभाग के रेंजर रूप मोहन नौटियाल ने बताया कि यदि समय पर पिंजरे का गेट खुल जाता तो दो भालू भी कैद किए जा सकते थे। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि तीन भालू मस्ती करते हुए घर के आंगन में घूम रहे थे। रेंजर रूप मोहन नौटियाल ने बताया कि पिंजरे में फंसे भालू को उत्तरकाशी वन प्रभाग कार्यालय लाया जा रहा है। इसके बाद शासन से पत्रचार कर उसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भटवाड़ी क्षेत्र में कई जगहों पर पिंजरे लगाए गए हैं और ग्रामीणों से अपील की गई है कि जंगलों में चारपत्ती लेने या अन्य काम के लिए समूह बनाकर जाएं। साथ ही ग्रामीणों को निर्देश दिए गए हैं कि भालू या अन्य जंगली जानवरों की गतिविधियों की सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *