सड़क सुरक्षा और पर्यावरण के लिए दौड़े हजारों लोग : सीएम ने पांच किमी रन को दिखाई हरी झंडी
यातायात नियमों और प्रकृति संरक्षण की दिलाई शपथ
देहरादून (संवाददाता)। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राजधानी देहरादून के कैंट रोड स्थित मुख्यमंत्री आवास के समीप से सड़क सुरक्षा जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के महत्वपूर्ण संदेश के साथ आयोजित 5 किलोमीटर की दौड़ (अवेयरनेस रन) का फ्लैग ऑफ किया। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित विभिन्न आयु वर्ग के हजारों प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। दौड़ शुरू होने से पूर्व मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों और नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने सभी को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और अपनी प्राकृतिक संपदा को बचाने के लिए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की सामूहिक शपथ दिलाई। सीएम ने इस बात पर जोर दिया कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट का उपयोग करना और गति सीमा का पालन करना केवल कानूनी मजबूरी नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यातायात के नियमों का पालन करना और पर्यावरण की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का मौलिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और प्रदेश की आबोहवा को शुद्ध बनाए रखने की दिशा में हमारी सरकार निरंतर ठोस प्रयास कर रही है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है और युवा पीढ़ी अपने उत्तरदायित्वों के प्रति सजग होती है। उन्होंने धावकों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वस्थ शरीर और सुरक्षित समाज का आ“वान किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, विधायक श्रीमती सविता कपूर सहित परिवहन विभाग के उच्चाधिकारी, पुलिस प्रशासन के कार्मिक और बड़ी संख्या में स्थानीय जनता मौजूद रही। पूरी दौड़ के दौरान सुरक्षा और चिकित्सा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रतिभागियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति विशेष उत्साह देखा गया, जहां कई युवा तख्तियों के माध्यम से ‘प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड’ और ‘सुरक्षित सड़क‘ के नारे बुलंद करते नजर आए।
