Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कुंभ के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगीः धामी

हरिद्वार/देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार का भ्रमण कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। डामकोठी में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दिव्य और भव्य स्वरूप के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कुंभ जैसे विराट और वैश्विक आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और सभी संबंधित विभाग पूरी क्षमता व आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुंभ कार्यों के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और प्रस्तावित कार्यों के लिए शासन स्तर से आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र जारी की जाएंगी। इस दौरान उन्होंने दूरभाष पर मुख्य सचिव से वार्ता कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए।समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े स्थायी प्रकृति के कार्यों की प्रगति जांची और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी चारधाम यात्रा, वर्षाकाल और कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए कार्यों के क्रियान्वयन की रणनीति बनाई जाए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने आधुनिक तकनीकों से लैस इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की स्थापना को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने और मेला नियंत्रण भवन के पास प्रस्तावित सीसीआर 2 भवन परियोजना को शीघ्र वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खड़खड़ी पुल और श्रीयंत्र पुल से संबंधित योजनाओं को भी प्राथमिकता में रखने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश और मुनीकीरेती सहित कुंभ क्षेत्र के सभी सेक्टरों में बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता और सीवरेज प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के साथ ही डामकोठी अतिथिगृह के विस्तार के लिए आधुनिक भवन निर्माण की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने जानकारी दी कि वर्तमान में सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण सहित स्थायी प्रकृति की 33 योजनाएं निर्माणाधीन हैं और सभी पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर मार्गों के सुधार की योजना को भी मंजूरी मिल गई है। इस बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर नगर निगम किरण जैसल, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, शोभाराम प्रजापति, सुनील सैनी, ओम प्रकाश जमदग्नि, जयपाल सिंह चौहान, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मंजीत सिंह गिल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *