दिनदहाड़े किसान के घर में 19 लाख की चोरी
मंदिर गया था पूरा परिवार, घर लौटने पर नगदी और जेवर मिले गायब
शक्तिफार्म(उद संवाददाता)। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 1 में सोमवार को दिनदहाड़े अज्ञात शातिर चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लगभग 18 लाख रुपये की भारी-भरकम नकदी और करीब 1 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कम्प मचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 1 निवासी निशिकांत हालदार पुत्र स्वर्गीय नीम चंद्र हालदार का परिवार सोमवार सुबह खुशी के माहौल में धार्मिक अनुष्ठान के लिए घर से निकला था। निशिकांत का बेटा सपन हालदार हाल ही में हरिद्वार से कांवड़ में गंगाजल भरकर लौटा था। इसी पावन जल के अभिषेक के लिए पूरा परिवार सुबह करीब 10ः30 बजे सुरेंद्रनगर स्थित बाबा तारकनाथ धाम गया हुआ था। घर के सभी सदस्य खुशी-खुशी जलाभिषेक में शामिल होने गए थे। करीब डेढ़ घंटे बाद जब परिवार मंदिर से वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा सामान्य देख किसी को अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही निशिकांत की पत्नी सुचित्र हालदार अपने कमरे के भीतर पहुंचीं, वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में रखे लॉकर और बक्से के ताले टूटे हुए थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अंदर रखी लाखों की नकदी और गहने गायब थे। सुचित्र की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी मौके पर इकट्टा हो गए। निशिकांत हालदार ने बताया कि चोरी गई यह रकम उनकी वर्षों की खून-पसीने की कमाई थी। हाल ही में उन्होंने अपनी जमीन का एक हिस्सा बेचा था, जिसकी बड़ी रकम भी घर में ही रखी हुई थी। चोरों ने उनकी जिंदगी भर की संचित पूंजी को महज एक घंटे के भीतर पार कर दिया। समाजसेवी रमेश राय ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी ललित चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। जांच के दौरान पुलिस ने जब दोबारा लॉकर और बक्सों को खंगाला, तो एक पॉलीथिन में बंधे करीब 1 लाख 20 हजार रुपये पुलिस को मिल गए, जिसे शायद चोर हड़बड़ी में छोड़ गए थे। हालांकि, बाकी की बड़ी रकम और कीमती जेवरात का कोई सुराग नहीं लग सका है। इस वारदात ने स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े घनी आबादी वाले वार्ड में इतनी बड़ी चोरी होना पुलिस गश्त और सुरक्षा पर बड़ा प्रश्नचिह्न है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
