प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संबोधन से राज्य को मिली नई पहचानः धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के इन्द्रानगर स्थित एक निजी होटल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 132वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने मन की बातको एक अद्वितीय जनसंवाद मंच बताते हुए कहा कि यह विश्व के किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबा और प्रेरणादायी कार्यक्रम है, जो समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के असाधारण कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री अपने लगभग प्रत्येक संबोधन में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य का स्मरण करते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा आदि कैलाश और उत्तरकाशी के हर्षिल-मुखवा क्षेत्र के भ्रमण और उनके उल्लेख का राज्य के पर्यटन पर अत्यंत सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान वर्ष में उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है, जिसके चलते अब तक डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक राज्य की यात्रा पर पहुंच चुके हैं। अकेले आदि कैलाश क्षेत्र में ही 36,700 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक दस्तक दे चुके हैं। राज्य को ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के संकल्प को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार वर्ष भर पर्यटन गतिविधियों को संचालित करने के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। सड़क संपर्क, बेहतर आवासीय व्यवस्था और डिजिटल सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि पर्यटकों को सुलभ अनुभव मिल सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि होमस्टे योजना और ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से स्थानीय लोगों की आजीविका बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर विधायक सविता कपूर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
