दो सड़क हादसों में बुझ गये चार घरों के चिराग : महतोष मोड़ में कार और ट्रैक्टर ट्राली और लालपुर में बाईक -बस में हुई जोरदार टक्कर
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। शनिवार की रात्रि चार घरों के लिए काली साबित हो गई। दो अलग अलग सड़क हादसों में चार युवकों की मौत हो गई। जिससे सभी परिवारों में कोहराम मच गया। हादसों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और चारों मृतक युवकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जानकारी के अनुसार ग्राम खेमरी बिलासपुर निवासी 24 वर्षीय आयुष सिंह पुत्र करन सिंह के रिश्ते के भाई का शनिवार को विवाह था। घर में चारों ओर खुशियां ही खुशियां छाई हुई थीं। रात्रि में आयुष शादी में आये अपने दोस्त पौढ़ी गढ़वाल निवासी रोहित पुत्र हनुमान सिंह रावत को बस में बैठाने के लिए कार संख्या यूके 06 बीजे 7675 में सवार होकर 28 वर्षीय अंशुल पुत्र प्रकाश सिंह बिष्ट निवासी खेमरी बिलासपुर व आदर्श कालोनी रूद्रपुर निवासी राजेन्द्र सिंह पांडा पुत्र मोहन सिंह के साथ रवाना हुआ। कार अंशुल चला रहा था। कार जब महतोष मोड़ के पास पहुंची तो इसी दौरान विपरीत दिशा आती ट्रैक्टर ट्राली से कार की जोर से भिडन्त हो गई। इस दुर्घटना में उक्त चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी को उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने आयुष सिंह और अंशुल बिष्ट को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल राजेन्द्र सिंह और रोहित रावत को प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने पहले घटनास्थल का निरीक्षण किया तत्पश्चात चिकित्सालय पहुंचकर दोनों मृतक युवकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गई। बताया जाता है कि घायल रोहित को सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी व राजेन्द्र को नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। मृतक अंशुल अमेरिका की किसी कंपनी में काम करता था। और यहां विवाह समारोह में आया था। वहीं एक अन्य सड़क हादसे में बाईक सवार दो युवकों की लालपुर में टोल प्लाजा के पास तेज गति से जाती निजी बस की टक्कर से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया जाता है कि ग्राम मौहम्मदपुर बहेड़ी निवासी 22 वर्षीय अरबाज पुत्र इजराईल व 25 वर्षीय जीशान पुत्र शरीफ अहमद शनिवार की रात्रि बाईक संख्या यूपी 25 ईए 9503पर सवार होकर रूद्रपुर से वापस घर को जा रहे थे। जब वह मार्ग में लालपुर में स्थित टोलप्लाजा के पास पहुंचे तो इसी दौरान सामने की ओर से तेज गति से आती निजी बस संख्या यूके 06 पीए 1963 के चालक ने बाईक को जोर से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अरबाज व जीशान गंभीर रूप से घायल होकर बाईक सहित सड़क पर गिर गये गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को पुलिस ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने जीशान को मृत घोषित कर दिया। जबकि अरबाज की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही अरबाज ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाये। बताया जाता है कि मृतक अरबाज चार भाईयों व तीन बहनों में सबसे छोटा था। जबकि मृतक जीशान तीन भाईयों में मझला था। पुलिस ने उक्त दोनों सड़क हादसों के चारों वाहनों कों अपने कब्जे में ले लिया है।
