मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल हुआ बदमाश: पिस्टल और दस तमंचों के साथ दो शातिर गिरफ्तार
रुद्रपुर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध मुक्त देवभूमि अभियान को धरातल पर उतारते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में एसओजी रुद्रपुर ने एक दुस्साहसिक मुठभेड़ के बाद क्षेत्र के कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली और उसके साथी को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी बंटी कोली के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटनाक्रम के अनुसार, एसओजी प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाला शातिर बदमाश बंटी कोली मोदी मैदान के पास डिलीवरी देने आने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही बंटी कोली ने जान से मारने की नियत से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से 4 राउंड फायर किए गए। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बंटी कोली के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। पुलिस ने मौके से बंटी कोली ;वार्ड नंबर 23, रम्पुरा और उसके साथी मनोज कुमार ;बिलासपुर, रामपुर को दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। इनके पास से 01 कंट्री मेड पिस्टल ;30 बोर, 09 अवैध तमंचे ;315 व 12 बोर और कुल 27 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल और करीब 7000 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि एसटीएफ उत्तराखंड को भी काफी समय से बंटी कोली की तलाश थी। मुख्य आरोपी बंटी कोली का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर हत्या के प्रयास ;307 और आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2024 में उसे 3 माह के लिए जिला बदर भी किया गया था, जिसका उल्लंघन करने पर उस पर गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। अभियुक्तों के खिलाफ कोतवाली ट्रांजिट कैंप में धारा 109/111 बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। एसएसपी ने इस सफलता पर एसओजी टीम की सराहना की है।
