Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

पुलिस टीम पर हमले का वांछित मुठभेड़ में दबोचा, पुलिस की गोली से घायल हुआ बदमाश

अवैध तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त एक्शन के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। आगामी होली पर्व के दृष्टिगत अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले वांछित अभियुक्त नाजिम को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से बदमाश घायल हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नगदी बरामद की गई है। प्राप्त विवरण के अनुसार, 01 मार्च 2026 को एएन टीएफ ऊधमसिंहनगर व एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग की जा रही थी। टीम द्वारा इन्द्रा चौक, मुख्य बाजार और डीडी चौक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सुभाष कॉलोनी में पूर्व में पुलिस टीम पर पथराव व जानलेवा हमला करने वाला तथा एनडीपीएस एक्ट में वांछित अभियुक्त नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम पुत्र कल्लू निवासी सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल से सिडकुल की ओर से हल्द्वानी जा रहा है। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम द्वारा पारले चौक, निर्माणाधीन फ्लाई ओवर के पास घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की गई। इसी बीच बागवाला/ बिन्दुखेड़ा बाईपास की ओर से आती एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। वाहन चालक द्वारा भागने का प्रयास करते हुए मोटर साइकिल मोड़ी गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर गया। गिरने के पश्चात अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा एवं जनसुरक्षा के दृष्टिगत संयमित एवं नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी। तत्पश्चात पुलिस बल द्वारा सावधानीपूर्वक घेराबंदी कर अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा 315 बोर, दो अदद खोखा कारतूस, दो अदद जिंदा कारतूस और 4100 रुपये नगद बरामद हुए। घटनास्थल से बिना नम्बर प्लेट की नीले रंग की मोटरसाइकिल और लाल रंग का हेलमेट भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त नदीम उर्फ नजीम उर्फ नाजिम पूर्व में कोतवाली रुद्रपुर में पंजीकृत एनडीपीएस एक्ट व पुलिस पर हमले के मामले में वांछित चल रहा था। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है तथा पूर्व में पुलिस टीम पर हमला कर फरार चल रहा था। अभियुक्त के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घायल अभियुक्त को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है, जहां वह पुलिस अभिरक्षा में उपचाराधीन है। इस सफल कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, एसओजी प्रभारी उ0नि0 उमेश कुमार, अनिल जोशी, अमित कुमार, कानि0 विनोद खत्री और दिनेश चन्द्र शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *