Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

खेड़ा बस्ती में स्थित ईदगाह और धार्मिक स्थलों की प्रशासन ने की नाप जोख

रूद्रपुर(उद संवाददाता)। खेड़ा बस्ती में स्थित ईदगाह और मंदिर के ढांचे की प्रशासन ने शुक्रवार को भारी लाव लस्कर के साथ नाप जोख कर सीमांकन किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हडकम्प मच गया। अधिकारियों का कहना था कि अवैध कब्जे के संदेह में कार्रवाई की गयी है। धार्मिक स्थल को जो जगह आवंटित है उसके अलावा बची हुई भूमि को सरकार के कब्जे में लिया जायेगा। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को एडीएम पंकज उपाध्याय की अगुवाई में एसडीएम मनीष पाण्डे, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल भारी फोर्स के साथ खेड़ा स्थित ईदगाह पहुंचे। टीम ने यहां पर धार्मिक स्थल की नाप जोख की। मौके पर ईदगाह के अलावा मस्जिद, मदरसा, कब्रिस्तान, मजार और एक टीन शेड का निर्माण पाया गया और कुछ भूमि खाली पड़ी है जिसकी प्रशासन ने नाप जोख की। इसके बाद प्रशासन की टीम ने रेशमबाड़ी के पास स्थित चामुण्डा मंदिर परिसर की भी नाप जोख की। इस दौरान एडीएम ने कहा कि अवैध कब्जे की शिकायत पर सीमांकन की कार्रवाई की गयी है। उन्होनें कहा कि सरकारी रिकार्ड के अनुसार इन धार्मिक स्थलों के आस पास पूर्व में तालाब होने की जानकारी मिली है, जिसकी तलाश के लिए धार्मिक स्थलों की नाप जोख की जा रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल के लिए जो भूमि कागजों में दर्ज है उसके अलावा जितनी भी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जायेगा उसे सरकार के कब्जे में लिया जायेगा। अचानक हुई प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कम्प मचा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *