बढ़ता जा रहा भालुओं का आतंक, घर में घूमते दिखे भालू और दो बच्चे: मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय वन मंत्री के साथ की मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर चर्चा
देहरादून । उत्तराखंड में सर्दियों के सीजन में लगातार भालुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। भालू अब आबादी के बीच पहुंचकर लोगों पर हमला कर रहा है जिससे लोगों में दहशत व्याप्त है। लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे है जबकि स्कूली बच्चों को भी जान जोखिम में डालकर स्कूल जाना पड़ रहा है। वहीं वन विभाग की लचर कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश भी व्याप्त हो रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से दूरभाष पर वार्ता कर राज्य में बढ़ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस समस्या को कम करने के लिए वन विभाग एवं प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं तथा हिंसक वन्य जीवों को नियंत्रित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस गंभीर चुनौती से निपटने के लिए अतिरिक्त संसाधनों और सहयोग का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन देते हुए वैज्ञानिक प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और त्वरित राहत व्यवस्था पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने केंद्र के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार मानव सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन बनाकर कार्य कर रही है। उत्तरकाशी जिले में लगातार भालुओं की दहशत बढ़ती जा रही है। टकनौर क्षेत्र के मल्ला गांव सहित कई गांवों में भालू घरों की छतों और आंगन में घूम रहे हैं। इस कारण लोग अंधेरा होने के बाद घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसी ही एक घटना भटवाड़ी ब्लॉक के मल्ला गांव में देखने को मिली है। यहां एक भालू और उसके दो बच्चे घर के आंगन में घूमते हुए मिले। इसके बाद भालू अपने दो बच्चों के साथ घर में घुस गया। भालुओं के घर में घुसने की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। भालू घर में घुसकर भोजन ढूंढने लगा। काफी देर तक भालू और उसके बच्चे घर में चहल-कदमी करते रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग की ओर से भालू की दहशत को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पूर्व में भी भालू के भय से भागने पर जंगल में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। भालुओं के घर में घुसने की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
