शिक्षा निदेशक से मारपीट के विरोध में बोर्ड मुख्यालय पर तालाबंदी, शिक्षकों का कार्य बहिष्कार
रामनगर (उद संवाददाता)। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ उनके कार्यालय में हुई अभद्रता और मारपीट की घटना ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना से आक्रोशित उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के कर्मचारियों और शिक्षकों ने सोमवार को रामनगर स्थित बोर्ड मुख्यालय के बाहर कार्य बहिष्कार कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। नाराज कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र बनाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विधायक उमेश शर्मा काऊ की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने शिक्षा निदेशक के साथ उनके ही दफ्तर में मारपीट की, जो समूचे शिक्षा विभाग और शिक्षक समाज का अपमान है। धरने पर बैठे वक्ताओं ने कहा कि इस घटना से प्रदेश भर के शिक्षकों में भारी रोष है। विरोध स्वरूप बोर्ड परीक्षा की डड्ढूटी में लगे सभी शिक्षक और कर्मचारी काली पट्टðी बांधकर कार्य कर रहे हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में वे केवल बोर्ड परीक्षा से संबंधित अनिवार्य कार्य ही करेंगे, इसके अलावा विभाग के किसी भी अन्य कार्य का पूर्ण बहिष्कार रहेगा। शिक्षक संगठनों ने मांग की है कि पुलिस जल्द से जल्द विधायक और उनके हमलावर समर्थकों को गिरफ्तार करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने इस मामले में टालमटोल की, तो पूरे उत्तराखंड के शिक्षक सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
